भरतपुर जिले के पथैना में कोरोना पॉजिटिव मृतका महिला की शव यात्रा में शामिल होकर लौटे महवा निवासी तीन संदिग्ध लोगों को दौसा रेफर किए जाने के बाद पुलिस व प्रशासन और सतर्क हो गया है। कोरोना से बचाव के मद्देनजर शहर की मम्मू कॉलोनी व भरतपुर रोड को पूरी तरह सील करना शुरू कर दिया है। जहां शुक्रवार से आगामी 10 दिनों के लिए शहर की सब्जी मंडी, अनाज मंडी, फल मंडी पूरी तरह बंद रहेंगी। जबकि मेडिकल के अलावा प्रातः 6 से 9 बजे तक सिर्फ परचून व दूध की ही दुकानें खुल पाएंगी।
महवा के व्यापारियों का सहयोग भी पुलिस प्रशासन को मिल रहा है। इससे पूर्व गुरुवार शाम नगर पालिका कार्यालय में कार्यवाहक एसडीएम मानसिंह आमेरा की अध्यक्षता में परचून, सब्जी व्यापार संघ व दुग्ध विक्रेताओं की बैठक आयोजित हुई जिसमें सर्वसम्मति से 3 मई तक फल, सब्जी की दुकानें बंद रखने का सामूहिक निर्णय लिया गया। जिससे कोरोना से बचाव के साथ आमजन को सुविधा मिल पाएगी। मीटिंग में परचून संघ के अध्यक्ष रमाकांत पाली, सब्जी व्यापार संघ के महेश सैनी के अलावा अन्य दुकानदार भी मौजूद रहे।
उन्होंने मीटिंग में मौजूद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को आश्वस्त किया कि परचून की दुकान खोले जाने के दौरान किसी भी प्रकार से व्यवस्था को खराब न कर सरकार की एडवाइजरी का पालन किया जाएगा। इस बीच एसडीएम मानसिंह आमेरा ने कहा कि दुकानदार कोरोना वायरस के बचाव के लिए हर हाल में सरकार की एडवाइजरी का पालन करना सुनिश्चित करें इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी दुकानें खुलने के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया जा रहा जो बेहद चिंताजनक है इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस दौरान मंडावर तहसीलदार हरकेश मीणा, चेयरमैन पुत्र विजेंद्र गुर्जर, नगर पालिका के कनिष्ठ अभियंता मुकेश मीणा, पटवारी उमाकांत मीणा, देवेंद्र खंडेलवाल, दामो साहू, कमल सैनी सहित परचून संघ सब्जी व्यापार संघ व दुग्ध विक्रेता मौजूद थे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2Y7IEqu
via IFTTT