क्षेत्र के भुवाखेड़ी पंचायत के गोड़ियाचरण व उचावद गांव की वनभूमि पर जंगल की कटाई कर रहे लोग रविवार को ग्रामीणाें के मौके पर पहुंचने पर भाग छूटे। वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और अज्ञात लोगों के खिलाफ पेड़-पौधे नष्ट करने का मामला दर्ज किया। वहीं जंगल कटने की वीडियो बना रहे युवक का मोबाइल नाकेदार ने छीनने का प्रयास किया और उसे बंद कराने की धमकी भी दी।
जंगल कटने से ग्रामीणों में रोष है।
पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अरविंद मीणा व रामनरेश मीणा ने बताया कि गोड़ियाचारण व उचावद की सैंकड़ों बीघा वन भूमि पर प्रभावशाली लोगों ने पहले से ही कब्ज़ा किया हुआ है। रविवार को गांव का एक किसान की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों के जंगल में पहुंचने पर पेड़ काटने वाले भाग गए।
यहां पिछले आठ-दस दिनों से अवैध रूप से जंगल कटाई का कार्य चल रहा है। सूचना देने पर वन विभाग की टोली भी मौके पर पहुंची। छात्र प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि मौके पर जंगल कटाई का वीडियो बनाने पर नाकेदार ने अरविंद मीणा को वीडियो बनाने से रोका और इसका मोबाइल छीनने का प्रयास करते हुए बंद कराने की धमकी दी। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
रेंजर नंदकिशोर शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन पेड़ काटने वाले भाग गए। नाकेदार को पेड़ काटने वालों का पता लगाने के निर्देश दिए हैं। अज्ञात लोगों के खिलाफ फॉरेस्ट एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। जंगल बचाने वालों में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष रामनरेश मीणा, अरविंद मीणा सहित हरिराम, आशाराम, चंद्रप्रकाश, भरतराज, अमर सिंह, राम कल्याण, कुलदीप आदि शामिल थे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3hhv8Hc
via IFTTT