कोरोना वायरस का संक्रमण ना फैले, इसलिए सरकार ने देशभर में लॉकडाउन घोषित कर रखा है और लगातार लोगों से घर पर ही रहने की अपील की जा रही है। लेकिन कुछ लोग ऐसे हैं, जिनका घर में मन नहीं लग रहा। गुरुवार को भास्कर रिपोर्टर ने करीब 4 घंटे तक शहर के कई हिस्सों में ऐसे लोगों पर की जा रही कार्रवाई को देखा। इस दौरान यह बात सामने आई कि अाधे से ज्यादा लोग बहाने बनाकर घर से निकलते हैं और जब पकड़े जाते हैं तो नेताओं व अफसरों से सिफारिश करवाते हैं। सड़क पर वाहन के साथ घूमते पकड़े जाने पर ऐसे लोग बहाने बनाते हैं, झूठे सबूत दिखाते हैं और झूठी दलीलें देते हैं, लेकिन पुलिस के सामने इनका कोई बहाना नहीं चल रहा। लिहाजा, पुलिस ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने गुरुवार को 25 वाहनों को जब्त किया है। इसके बावजूद लोग सड़कों पर आने से बाज नहीं आ रहे हैं। गुरुवार को दोपहर 12 बजे तक बैंकों और ई-मित्र केंद्रों पर भीड़ देखने को मिली।
वाहन चालक यह बना रहे है बहाने : पुरानी मिल चौराहा, मुख्य चौराहा, टांक पेट्रोल पप, अजमेर रोड ऊंटड़ा रोड के बाहर, गांधीनगर आरअोबी पुलिया, मकराना चौराहा, रामनेर तिराहा, सिटी रोड बिहारी पोल, सरवाड़ी गेट, मालियों की बाड़ी, नसीराबाद हाइवे सिलोरा रोड, जयपुर हाइवे नसीराबाद पुलिया सहित अन्य स्थानों पर पुलिसकर्मी तैनात रहते है। इन स्थानों पर पुलिसकर्मी बिना परमिशन के वाहन चालकों से सख्ती से पेश आते है। मुख्य चौराहे पर पुलिस कर्मियों ने तेज गति से आ रही बाइक सवार युवक को रोका और उससे लॉकडाउन में सड़क पर घूमने का कारण पूछा। चालक ने पुलिस को अपना लॉकडाउन पास दिखाया। पुलिस ने लॉकडाउन पास देखने के बाद युवक को बाइक धीमी गति से चलाने की हिदायत देकर छोड़ दिया।
इसी तरह एक अन्य बाइक सवार को पुलिस ने रोका। उससे पास दिखाने को कहा तो उसने होने से इंकार करते हुए कहा कि मेडिकल की दुकान पर दवा लेने जा रहा हूं। पुलिसकर्मी ने कहा- दवा की पर्ची दिखाओ। इस पर स्कूटी ने पर्ची की बजाए जेब में रखे दवा की दो गोलियों के पत्ते दिखाए। पुलिस कर्मियों ने उससे स्कूटी के कागजात व लॉकडाउन का पास दिखाने को कहा, लेकिन वह नहीं दिखा सका। थोड़ी देर बाद बाइक सवार व्यक्ति गिड़गिड़ाने लगा, बोला- प्लीज मुझे जाने दीजिए, फिर गलती नहीं करूंगा। पुलिस ने बाइक जब्त कर ली। इसी तरह एक मोपेड चालक को रोक उससे लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर मोपेड को जब्त करने बात कही।
मोपेड चालक ने कहा कि मैं यहीं पास ही में मेडिकल की दुकान पर काम करता हूं। पुलिस ने युवक को हिदायत दी कि आज छोड़ रहे हैं, लॉकडाउन पास बनवा लेना अन्यथा मोपेड जब्त कर ली जाएगी। लॉकडाउन के दौरान शहर में पुलिस की सख्ती से बचने के लिए कुछ लोग वाहनों पर केमिस्ट का स्टीकर लगाकर चल रहे हैं। वहीं, पकड़े जाने पर कुछ लोग डॉक्टरों के पुराने प्रिस्क्रिप्शन दिखाने लगते हैं। कई तो फार्मास्यूटिकल कंपनियों के पुराने लेटर हेड तक का सहारा ले रहे हैं। जब इनका फर्जीवाड़ा पकड़ा जाता है तो गुहार लगाते हैं- सर दो डंडे
मार लो, लेकिन हमारे खिलाफ पुलिस केस दर्ज मत करो, हमारे वाहन जब्त ना करो।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3aycNC7
via IFTTT